भोपाल में 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होगा मप्र ट्रैवल मार्ट
भोपाल, निमाड़ी मनुस ।
निमाड़ के पर्यटन को देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM 2026) से जुड़े FAM Tour के तहत विदेशी और घरेलू टूर ऑपरेटर्स को महेश्वर और मांडू की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराया जाएगा।
कार्यक्रम से जुड़े विवरण के अनुसार Foreign Tour Operators (FTO) के करीब 18 सदस्यीय दल का 4 से 6 अक्टूबर 2026 के बीच महेश्वर और मांडू भ्रमण प्रस्तावित है। वहीं Domestic Tour Operators (DTO) के करीब 30 सदस्यीय दल 10 से 12 अक्टूबर 2026 के बीच इन दोनों प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा करेगा।
मध्यप्रदेश पर्यटन की आधिकारिक MPTM वेबसाइट पर भी महेश्वर-मांडू को Spiritual & Heritage Circuit तथा Heritage & Culture Circuit में शामिल किया गया है। आधिकारिक कार्यक्रम में महेश्वर के अहिल्या फोर्ट, नर्मदा घाट और रेहवा सोसायटी के साथ मांडू के जहाज महल, हिंडोला महल और रानी रूपमती मंडप को शामिल किया गया है।
स्थानीय माहेश्वरी बुनकर परंपरा से होंगे रूबरू
महेश्वर में विदेशी और घरेलू प्रतिनिधि अहिल्या किला, नर्मदा घाट और स्थानीय हस्तशिल्प एवं महेश्वरी बुनकर परंपरा से रूबरू होंगे। इसके बाद मांडू में ऐतिहासिक स्मारकों और स्थापत्य विरासत का भ्रमण कराया जाएगा।
निमाड़ के लिए यह महत्वपूर्ण पहल
निमाड़ के लिए यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि विदेशी और देशभर के टूर ऑपरेटर्स इन स्थलों को प्रत्यक्ष रूप से देखने के बाद इन्हें अपने पर्यटन पैकेज और ट्रैवल नेटवर्क से जोड़ सकेंगे। इससे महेश्वर और मांडू की विरासत, संस्कृति, हस्तशिल्प और नर्मदा आधारित पर्यटन को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल में होगा MPTM 2026 का आयोजन
MPTM 2026 का आयोजन 7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल में होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू ट्रैवल ट्रेड को मध्यप्रदेश के पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जोड़ने के लिए B2B बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।
