भोपाल। निमाड़ के युवाओं के लिए नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर सामने आया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 (VBYLD-2027) का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी प्रतिभा, विचार और नए प्रयोगों को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय मंच तक प्रस्तुत कर सकेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मध्यप्रदेश में अब तक करीब 3.80 लाख युवाओं ने MY Bharat पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराया है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य करीब 6 लाख युवाओं को इस अभियान से जोड़ना है। ऐसे में निमाड़ के युवाओं के लिए भी यह अपनी क्षमता दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
निमाड़ से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मौका
इस वर्ष मध्यप्रदेश के लिए ट्राइबल लीडरशिप, नेचुरल रिसोर्सेस और इन्क्लूसिव डेवलपमेंट को प्रमुख थीम बनाया गया है। ये विषय निमाड़ जैसे क्षेत्र के युवाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं, जहां प्राकृतिक संसाधन, जनजातीय संस्कृति और समावेशी विकास से जुड़े अनेक अनुभव और स्थानीय समाधान मौजूद हैं।
विकसित भारत चैलेंज पांच चरणों में आयोजित होगा। 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक विकसित भारत क्विज, 5 से 19 अक्टूबर तक निबंध प्रतियोगिता, 10 से 16 नवंबर तक जिला स्तर पर PPT प्रस्तुतीकरण और 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी। चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रतिभा के साथ आइडिया दिखाने का मंच
VBYLD-2027 में युवाओं को केवल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर ही नहीं मिलेगा, बल्कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और नए विचार भी सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, चित्रकला, भाषण और कविता लेखन जैसी सांस्कृतिक गतिविधियां भी शामिल हैं।
इसके अलावा भारत के लिए डिजाइन, हैकिंग फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमी चुनौती और युवा संसद जैसी श्रेणियां युवाओं को तकनीक, उद्यमिता और लोकतांत्रिक संवाद के क्षेत्र में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देंगी।
निमाड़ के युवा इस मंच को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपने विचारों को पहचान दिलाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका सामने रखने के अवसर के रूप में देख सकते हैं।
