बड़वानी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में निमाड़ के आदिवासी जिले बड़वानी में आयोजित कृषि कैबिनेट में किसानों को बड़ी सौगात मिली है। बैठक में कृषि, सिंचाई, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी और सहकारिता से संबंधित 27 हजार 500 करोड़ की विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। कृषि कैबिनेट में नर्मदा नियंत्रण मण्डल की बैठक में बड़वानी जिले की 2 सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण के लिए 2,068 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है। इसके साथ ही मंत्रि-परिषद द्वारा सहकारिता विभाग की “सहकारी बैंकों के अंश पूंजी सहायता” योजना को अगले 5 वर्षों 31 मार्च, 2031 तक संचालित करने के लिए 1 हजार 975 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
पशुओं के लिए 610 करोड़ 51 लाख, मछुआ समृद्धि योजना को 200 करोड़
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में अगले 5 वर्षों तक पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए 610 करोड़ 51 लाख रुपये के साथ ही मछुआ समृद्धि योजना को आगामी 2 वर्ष, वर्ष 2026-27 और वर्ष 2027-28 की निरंतरता के लिए 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
भगोरिया को राष्ट्रीय पहचान देने की पहल
मुख्यमंत्री ने निमाड़ के पारंपरिक आदिवासी उत्सव भगोरिया को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और इसके आयोजन में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि कैबिनेट के फैसलों का लाभ निमाड़ के साथ-साथ पूरे मालवा अंचल को मिलेगा। नर्मदापुरम क्षेत्र अब बेहतर सिंचाई और आधुनिक खेती के लिए पहचाना जा रहा है।
बड़वानी में बनेगी आधुनिक सब्जी मंडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि निमाड़ में केला, आम, सब्जियों और अन्य फसलों के बड़े उत्पादन को देखते हुए सब्जी मंडी स्थापित होगी। ताकि यहां के किसानों को अपनी फसल बेचने की सुविधा और उचित दाम मिल सके। खेतिया उपज मंडी को आदर्श उपज मंडी बनाने की मांग आई। सीएम ने कहा कि बड़वानी में खेतिया कृषि उपज मंडी को आदर्श उपज मंडी बनाया जाएगा। इसमें लगभग 10 करोड रुपए की लागत आएगी।

भिलट देव स्थल को बनाएंगे पर्यटन का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी कैबिनेट ने भिलट देव स्थल के दर्शन किए। साथ ही यहां पर कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल बनाएंगे।